त्योहारी सीजन में 13 सैंपल फेल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट पर
धर्मशाला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन शुरू होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग कांगड़ा अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले में चालू वित्त वर्ष के दौरान लिए गए 165 लीगल सैंपलों में से 13 फेल पाए जाने के बाद विभाग ने मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कारोबारियों पर निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया है। फेल हुए 13 सैंपलों में 11 सब-स्टैंडर्ड और दो मिसब्रांडेड पाए गए हैं। विभाग अब त्योहारी सीजन में मिलावट और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान तेज करेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई निर्माताओं को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से अनुमोदित रंगों का निर्धारित मात्रा में ही प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं। विशेष तौर पर खोया, पनीर, दही, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच लगातार जारी रहेगी। चालू वित्त वर्ष में नगर निगम क्षेत्र समेत पूरे कांगड़ा जिले से अब तक 276 सर्विलेंस और 165 लीगल सैंपल लिए गए हैं। कुछ सैंपलों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है, जबकि प्राप्त रिपोर्ट में 13 सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। फेल सैंपलों के मामलों में खाद्य कारोबार संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत नोटिस जारी कर 30 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में कारोबारी अपने सैंपल की रेफरल प्रयोगशाला से जांच भी करवा सकते हैं। इसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पंजीकरण वाले कारोबारियों के मामलों में धारा 69 के तहत समझौते की कार्रवाई हो सकती है, जबकि लाइसेंसधारकों के मामले अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के पास भेजे जाएंगे।
उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कांगड़ा डॉ. सविता ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग और निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया