देहरा में 31 मार्च को प्रोडक्शन ऑपरेटर के भरे जाएंगे 60 पद
धर्मशाला, 28 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा में 31 मार्च को रोजगार के द्वार खुल रहे हैं। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि इस दिन प्रोडक्शन ऑपरेटर के कुल 60 पदों को भरने के लिए देहरा के उप रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फुजियामा सोलर लिमिटेड, परवाणू द्वारा प्रोडक्शन ऑपरेटर (केवल पुरुष) के 30 पद तथा एमटी ऑटो क्राफ्ट लिमिटेड, परवाणू द्वारा भी 30 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं अथवा आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, एमएमवी) निर्धारित की गई है, जबकि आयु सीमा 18 वर्ष से अधिक रखी गई है।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 13,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) लाना अनिवार्य होगा।
यह साक्षात्कार 31 मार्च, 2026 को उप रोजगार कार्यालय, देहरा में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें पात्र अभ्यर्थी संबंधित कंपनियों के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य देय नहीं दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया