पालमपुर में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत : रोहित ठाकुर
धर्मशाला, 15 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में आधारभूत सुविधाओं के सृजन के लिए गत साढ़े तीन वर्षों में 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी बुधवार को अपने एकदिवसीय पालमपुर प्रवास के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सिद्धपुर सरकारी में नवनिर्मित अतिरिक्त भवन के लोकार्पण के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल भी उपस्थित रहे।
अपने प्रवास के दौरान शिक्षा मंत्री ने लगभग 2.5 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने गांव डाढ स्थित मेजर सोमनाथ शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। इस भवन में तीन कक्ष तथा एक सभागार (हॉल) का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राख में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो अतिरिक्त कमरों की आधारशिला रखी। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सिद्धपुर सरकारी में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग का दायित्व संभालने के बाद पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु 20 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें 5 करोड़ रुपये की लागत से पालमपुर में गर्ल्स हॉस्टल तथा 5 करोड़ रुपये की लागत से राजीव गांधी डे- बोर्डिंग विद्यालय का निर्माण प्रमुख परियोजनाएं हैं।
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पालमपुर के पुस्तकालय भवन तथा कंडवाड़ी में निर्माणाधीन राजीव गांधी डे- बोर्डिंग स्कूल भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणकार्य को समयबद्ध पूरा किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर जितनी अतिरिक्त धनराशि की जरूरत होगी, अनुमोदित कर दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया