बोर्ड अध्यक्ष ने शिक्षा सुधारों को लेकर विषय विशेषज्ञों के साथ किया विचार-विमर्श

 


धर्मशाला, 24 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में विषय विशेषज्ञों के साथ शिक्षा सुधारों एवं विद्यार्थी हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर एक सार्थक विचार-विमर्श आयोजित किया गया।

बैठक में विषय विशेषज्ञ प्रतिनिधियों ने विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, छात्र-केंद्रित एवं भविष्य उन्मुख बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान हिमाचल की स्थानीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालयी पाठ्यक्रम में हिमाचली भाषा (टाँकरी लिपि/भाषा) से संबंधित एक अध्याय शामिल करने का सुझाव दिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में प्रभावी संवाद कौशल, मीडिया साक्षरता एवं अभिव्यक्ति क्षमता के विकास के लिए विद्यालयी पाठ्यक्रम में मास कम्युनिकेशन से संबंधित विषयवस्तु को भी सम्मिलित करने का सुझाव रखा गया।

बैठक में विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर कैरियर काउंसलिंग एवं कैरियर गाइडेंस को नियमित रूप से संचालित करने तथा कक्षा 6वीं, 8वीं एवं 10वीं से ही विद्यार्थियों की रुचि, योग्यता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप शिक्षकों द्वारा व्यवस्थित मार्गदर्शन प्रदान करने पर भी विशेष बल दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया