स्कूल शिक्षा बोर्ड ने खोला शॉर्ट फीस का पोर्टल, 30 अप्रैल तक जमा करवा सकते हैं फीस

 


धर्मशाला, 24 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 की परीक्षाओं में शामिल हुए परीक्षार्थियों की बकाया 'शॉर्ट कैंडिडेट' फीस जमा करने के लिए लिंक खोल दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की स्कूल लॉगिन आईडी पर फीस जमा करने का लिंक सक्रिय कर दिया गया है। बोर्ड का यह कदम वित्तीय विसंगतियों को दूर करने और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार संस्थानों के पास 30 अप्रैल तक का सुनहरा मौका है कि वे बिना किसी अतिरिक्त विलंब शुल्क के फीस जमा कर सकें। इसके बाद, कैलेंडर के पन्ने पलटते ही जुर्माना भी बढ़ता जाएगा। यदि फीस एक मई से 15 मई के बीच जमा की जाती है, तो 1000 प्रति कक्षा विलंब शुल्क देना होगा, जबकि 16 मई से 31 मई के बीच यह राशि बढ़कर 2000 प्रति कक्षा हो जाएगी।

31 मई के बाद देना होगा 5000 का विलंब शुल्क

डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यदि कोई संस्थान 31 मई तक भी अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करता है, तो उसे 5000 प्रति कक्षा के भारी विलंब शुल्क का सामना करना पड़ेगा। इतना ही नहीं, निर्धारित समय-सारिणी के उल्लंघन पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा अतिरिक्त दंड भी लगाया जा सकता है। बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देशित किया है कि वे तकनीकी अड़चनों का इंतज़ार किए बिना प्रक्रिया को जल्द पूरा करें।

बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि सभी संबंधित संस्थानों को समय-सीमा का सख्ती से पालन करना चाहिए ताकि छात्रों और संस्थानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने संस्थानों को सलाह दी है कि वे अपने पोर्टल को नियमित रूप से चेक करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर फीस जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया