शिक्षा बोर्ड के सभी पुस्तक वितरण केंद्रों पर पर्याप्त पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध : डॉ राजेश शर्मा
धर्मशाला, 19 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा निर्धारित सभी पुस्तक वितरण केंद्रों एवं सूचना केंद्रों पर पाठ्यपुस्तकों की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकता है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।
रविवार को जारी एक प्रेस बयान में डॉ. राजेश शर्मा ने सभी सरकारी एवं बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने नजदीकी केंद्रों से आवश्यकतानुसार पाठ्यपुस्तकों की प्राप्ति शीघ्र सुनिश्चित करें। विद्यालयों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप ही पुस्तकों की मांग सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की कमी या असंतुलन की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने आगे कहा कि सभी संस्थान इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। बोर्ड द्वारा इस प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है तथा समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया