फर्जीवाड़े पर नकेल के लिए शिक्षा बोर्ड ने जारी की मान्यता प्राप्त बोर्डों और विश्वविद्यालयों की अपडेटेड लिस्ट

 


धर्मशाला, 08 अगस्त (हि.स.)। फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के बढ़ते मामलों और नामांकन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी पर लगाम कसने के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एक बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने देश और दुनिया के मान्यता प्राप्त एवं समकक्ष शिक्षा बोर्डों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक निकायों की एक विस्तृत 'अपडेटेड लिस्ट' जारी कर दी है।

बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध यह सूची अब उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी व निजी नौकरियों की भर्ती के लिए एक प्रामाणिक संदर्भ (ऑथेंटिक रेफरेंस) के रूप में काम करेगी।

बिना सत्यापन के एडमिशन या नौकरी न देने की अपील

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में देश-विदेश में अनेक संस्थान तरह-तरह के पाठ्यक्रम संचालित कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रमाण-पत्र के आधार पर अभ्यर्थी को प्रवेश या नियुक्ति देने से पहले उस संस्थान की मान्यता जांचना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह अद्यतन सूची सार्वजनिक की है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षा बोर्डों, मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों, विदेशी बोर्डों और नेपाल सहित अन्य वैध शैक्षणिक निकायों का पूरा विवरण शामिल है।

बोर्ड अध्यक्ष ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्कूल-कॉलेजों और भर्ती एजेंसियों से विशेष आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रमाण-पत्र को स्वीकार करने से पहले इस सूची का अनिवार्य रूप से अवलोकन करें। डॉ. शर्मा ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षण संस्थान या अभ्यर्थी इस सूची से बाहर के (गैर-मान्यता प्राप्त) किसी बोर्ड या विश्वविद्यालय के सर्टिफिकेट के आधार पर प्रवेश या अन्य शैक्षणिक लाभ प्राप्त करता है, तो भविष्य में पैदा होने वाली किसी भी कानूनी, प्रशासनिक या शैक्षणिक जटिलता की पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था और छात्र की ही होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया