एसओएस परीक्षा : निजी स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाने के लिए 1 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन

 


धर्मशाला, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2027 में प्रस्तावित राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की परीक्षाओं को सुचारू और नकलरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में बोर्ड ने प्रदेश के संबद्धित निजी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को एसओएस परीक्षा केंद्र के रूप में नामित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथियां घोषित कर दी हैं। इच्छुक संस्थान आगामी 1 नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी स्कूल लॉगिन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्र बनने के इच्छुक निजी स्कूलों और संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, बिना किसी विलंब शुल्क (लेट फीस) के 1 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक संस्थान बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं।

निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करने वाले संस्थानों पर भारी विलंब शुल्क लगाया जाएगा। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि 1 दिसंबर से 15 दिसंबर, 2026 के बीच आवेदन करने पर निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 5,000 लेट फीस देनी होगी। वहीं, 16 दिसंबर से 31 दिसंबर, 2026 तक यह विलंब शुल्क बढ़कर 10,000 हो जाएगा। यदि कोई संस्थान 31 दिसंबर की अंतिम तिथि के बाद आवेदन करता है, तो उस पर केवल बोर्ड के अध्यक्ष या सचिव की पूर्व स्वीकृति के बाद ही विचार किया जाएगा। ऐसे मामलों में सामान्य शुल्क और 10,000 विलंब शुल्क के अलावा अध्यक्ष या सचिव द्वारा तय किया गया अतिरिक्त जुर्माना भी वसूला जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया