'सैर' उत्सव के चलते एसओएस परीक्षाओं की डेटशीट में बदलाव, अब 17 की जगह 16 सितंबर से शुरू होंगी परिक्षाएं
धर्मशाला, 30 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के तहत 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं देने वाले हजारों छात्रों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। प्रदेश के विभिन्न जिलों और उपमंडलों में पारंपरिक 'सैर' उत्सव को लेकर घोषित किए गए स्थानीय अवकाश के मद्देनजर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व निर्धारित डेटशीट में आंशिक संशोधन किया गया है, जिसके तहत 17 सितंबर को होने वाली परीक्षाएं अब एक दिन पहले यानी 16 सितंबर को आयोजित करवाई जाएंगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब तीनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक साथ 16 सितंबर 2026 से शुरू होंगी।
8वीं कक्षा की परीक्षाएं 16 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक, 10वीं कक्षा की 16 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक तथा 12वीं (जमा दो) कक्षा की 16 सितंबर से 6 अक्तूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
सभी परीक्षाएं प्रातः कालीन सत्र में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक का रहेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल 17 सितंबर को घोषित छुट्टी के कारण उस दिन के पेपर को 16 सितंबर पर शिफ्ट किया गया है।
प्रैक्टिकल परीक्षायें 8 अक्टूबर से
लिखित परीक्षाओं के तुरंत बाद प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाओं का दौर शुरू होगा। 10वीं और 12वीं कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं छात्रों के राजकीय या बोर्ड से मान्यता प्राप्त अध्ययन केंद्रों पर ही संबंधित विषय के अध्यापकों द्वारा ली जाएंगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी छात्रों और संबंधित विद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह के असमंजस से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें। संशोधित डेटशीट वहां अपलोड कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया