एसओएस परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी
धर्मशाला, 13 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा 16 सितंबर से शुरू होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की मैट्रिक एवं जमा दो परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। संबंधित परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड अध्ययन केंद्र/विद्यालय के लॉगिन पर उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके साथ ही, परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट के स्टूडेंट कार्नर में जाकर भी अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने से पहले अपने एडमिट कार्ड में दर्ज नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषयों तथा अन्य आवश्यक विवरणों को ध्यानपूर्वक जांच लें। यदि किसी विवरण में त्रुटि पाई जाती है, तो परीक्षार्थी इसकी सूचना तुरंत अपने संबंधित अध्ययन केंद्र/विद्यालय के माध्यम से बोर्ड को दें, ताकि आवश्यक सुधार समय पर किया जा सके।
उन्होंने बताया कि सितंबर की परीक्षाओं के लिए बोर्ड द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत मार्च-2026 की मैट्रिक एवं जमा दो मुख्य परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन/पुनःजांच के बाद कम्पार्टमेंट/एसेंशियल इम्प्रूवमेंट घोषित परीक्षार्थियों को विशेष अवसर प्रदान किया गया है। ऐसे विशेष अवसर प्राप्त परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थी अपने एडमिट कार्ड में दर्ज विवरणों की समय रहते जांच कर लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अपने अध्ययन केंद्र/विद्यालय से तुरंत संपर्क करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया