अब बोर्ड परीक्षाओं के साथ होगी नीट-जेईई की तैयारी, स्कूल शिक्षा बोर्ड तैयार कर रहा स्पेशल 'प्रश्न बैंक'

 


धर्मशाला, 10 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अब विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ नीट और जेईई जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग से भटकना नहीं पड़ेगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड छात्रों के सुनहरे भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है। बोर्ड द्वारा इन प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक 'विशेष प्रश्न बैंक' तैयार किया जा रहा है, ताकि स्कूली शिक्षा के साथ ही छात्रों को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण अभ्यास सामग्री मिल सके। इस योजना पर प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

इस प्रस्तावित प्रश्न बैंक का मुख्य उद्देश्य रटने की बजाय विद्यार्थियों की विषयगत और अवधारणात्मक (कांसेप्चुअल) समझ को मजबूत करना है। विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जा रहे इस बैंक में विशेष रूप से ऐसे प्रश्नों को शामिल किया जाएगा जो छात्रों की तार्किक क्षमता (लॉजिकल रीजनिंग) और समस्या-समाधान (प्रॉब्लम-सॉल्विंग) कौशल को निखारेंगे। बोर्ड का मानना है कि नियमित अभ्यास से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की कठिन प्रश्न-पद्धति को समझने में आसानी होगी।

इस अहम योजना को लेकर बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि आज के इस भारी प्रतिस्पर्धा वाले दौर में विद्यार्थियों की तैयारी को केवल बोर्ड परीक्षाओं तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि हिमाचल के विद्यार्थियों को नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बोर्ड स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री और अभ्यास के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। यह विशेष प्रश्न बैंक छात्रों की मूल अवधारणाओं को मजबूत करने के साथ उन्हें अपेक्षित स्तर से परिचित करवाने में अत्यधिक सहायक होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया