हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड के पूर्व सचिव डॉ. विशाल शर्मा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित
धर्मशाला, 06 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला में वीरवार को बोर्ड के पूर्व सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, सचिव अंकुश शर्मा सहित बोर्ड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल को स्मरण करते हुए बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में उनके योगदान की सराहना की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता तथा शिक्षा बोर्ड के विकास एवं उन्नयन के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा बोर्ड ने अनेक महत्वपूर्ण सुधारात्मक पहलें कीं, जिनका लाभ विद्यार्थियों एवं शिक्षा व्यवस्था को प्राप्त हुआ। उन्होंने शिक्षा बोर्ड को दिए गए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके भावी जीवन एवं सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं अपने संबोधन में डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने शिक्षा बोर्ड के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा बोर्ड के वर्तमान सचिव अंकुश शर्मा अपने प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता के बल पर शिक्षा बोर्ड को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा बोर्ड विद्यार्थियों के हित में निरंतर प्रगति करता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया