10वीं और जमा दो की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट एवं सुधार परीक्षाओं के लिए बढ़ी आवेदन तिथि
धर्मशाला, 30 मई (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून-जुलाई-2026 में आयोजित की जाने वाली मैट्रिक एवं जमा दो सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट तथा सुधार परीक्षाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मैट्रिक स्तर पर कंपार्टमेंट के अभ्यर्थी अब बिना विलंब शुल्क के दिनांक 5 जून 2026 तक तथा 1000 विलंब शुल्क सहित 10 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इसी प्रकार जमा दो स्तर के अभ्यर्थियों के लिए भी आवेदन की तिथियां बढ़ाकर बिना विलंब शुल्क 5 जून 2026 तथा विलंब शुल्क सहित 10 जून 2026 निर्धारित की गई हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मैट्रिक स्तर पर कंपार्टमेंट एवं एसेंशियल श्रेणी के लिए परीक्षा शुल्क 700 प्रति विषय, ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट (अधिकतम तीन विषय) हेतु 950 प्रति विषय तथा अतिरिक्त विषय के लिए 700 निर्धारित किया गया है। वहीं जमा दो स्तर पर कंपार्टमेंट, अंग्रेजी विषय, डिप्लोमा होल्डर री-अपीयर एवं अतिरिक्त विषय हेतु 700 प्रति विषय तथा इम्प्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस के लिए 1150 शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा श्रेणियों, पात्रता मानदंडों तथा अन्य सभी नियम एवं शर्तों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है और वे पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार ही लागू रहेंगे। सभी आवेदन केवल संबंधित विद्यालयों/संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया