सरकारी विद्यालयों में शुरू होगा निःशुल्क करियर काउंसलिंग एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम : डॉ राजेश

 


धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क करियर कांउसलिंग कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में काम कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप उचित करियर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में उन्होंने यह जानकारी दी। इस बैठक में शिक्षा बोर्ड के सचिव, अकादमिक शाखा के अधिकारियों एवं अन्य बोर्ड अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट से संबंधित प्रशिक्षण एवं गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान किए जा सकें।

बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यान्वयन प्रक्रिया एवं विद्यालय स्तर पर इसकी प्रभावी व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने हेतु आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया