राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित मंजरी वी. महाजन का बोर्ड अध्यक्ष ने किया सम्मान

 


धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का परचम लहराने वाली प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विशेष रूप से सम्मानित किया है। हाल ही में 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026' से सम्मानित होने पर बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने शुक्रवार को बोर्ड कार्यालय में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर टीहरा की कमान संभाल रही मंजरी वी. महाजन ने विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को लागू कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डॉ. राजेश शर्मा ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि मंजरी ने केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी गहरी जागरूकता विकसित की है। नवाचार आधारित शिक्षण, स्कूल का प्रभावी नेतृत्व और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उनके निरंतर प्रयास बेहद सराहनीय रहे हैं।

डॉ. शर्मा ने इस सम्मान को मंजरी की व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ पूरे हिमाचल के लिए गौरव का क्षण करार दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाती है तथा उनकी यह सफलता अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया