स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने रोहड़ू में परखी शिक्षा की नब्ज, शिक्षा में सुधार और सर्वांगीण विकास पर जोर

 




धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के स्तर को और अधिक प्रभावी तथा छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मंगलवार को शिमला जिला के रोहड़ू का अहम दौरा किया। अपने इस प्रवास के दौरान उन्होंने न केवल जमीनी स्तर पर स्कूलों की स्थिति का जायजा लिया, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का खाका भी खींचा।

अपने दौरे की शुरुआत करते हुए डॉ. शर्मा ने रोहड़ू स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालक) और आराधना पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यालयों की प्रातःकालीन सभा में शामिल होकर उन्होंने बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया। शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और जीवन में उच्च लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ सकारात्मक सोच, उच्च नैतिक मूल्य और खेलकूद जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी ही सर्वांगीण विकास की असली कुंजी है।

गुणवत्ता सुधार के लिए शिक्षकों से मंथन

छात्रों का उत्साहवर्धन करने के उपरांत डॉ. शर्मा ने शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के समग्र विकास को लेकर गहन मंथन किया गया। उन्होंने शिक्षकों से बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सीधे सुझाव और जमीनी समस्याएं भी सुनीं। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि स्कूलों से मिलने वाला फीडबैक ही परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था में बोर्ड स्तर पर बड़े एवं सकारात्मक बदलाव लाने का मुख्य आधार बनेगा।

प्रशासन और शिक्षा विभाग के बीच समन्वय पर जोर

अपने प्रवास के दौरान शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने रोहड़ू के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेश रमोत्रा से शिष्टाचार भेंट भी की। दोनों अधिकारियों के बीच क्षेत्र के विकास, शिक्षा और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान इस बात पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग के बीच कैसे बेहतर तालमेल स्थापित कर जनसेवा को और अधिक सुलभ व प्रभावी बनाया जा सके।

युगपुरुष स्व. वीरभद्र सिंह को किया नमन

रोहड़ू दौरे के बीच डॉ. शर्मा ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनीति के युगपुरुष स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के संपूर्ण विकास, जनकल्याण और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती में राजा वीरभद्र सिंह का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व हिमाचल की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव एक प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया