शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के सशक्तिकरण पर बोर्ड अध्यक्ष की जनप्रतिनिधियों से चर्चा

 




धर्मशाला, 08 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मंगलवार को बोर्ड कार्यालय में लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज, कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन काजल, नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणवीर सिंह (निक्का) तथा नगर निगम धर्मशाला के महापौर शमशेर सिंह नेहरिया से भेंट की। इस अवसर पर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने, शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने सहित क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा हुई।

डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की प्रगति की मजबूत नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है। बच्चों और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा अपनी प्रतिभा और हुनर को निखारने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय, निरंतर संवाद और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन बच्चों के बेहतर भविष्य, शिक्षा के सुदृढ़ीकरण और क्षेत्र के विकास जैसे विषय हम सभी की साझा जिम्मेदारी हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद, सहयोग और सकारात्मक सोच लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर तथा क्षेत्र को शिक्षा और विकास के क्षेत्र में नई दिशा मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया