मंडी के धर्मपुर में शिक्षा बोर्ड का नया पुस्तक वितरण केंद्र स्थापित
धर्मशाला, 15 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने विद्यार्थियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए मंडी जिला के धर्मपुर में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बोर्ड ने क्षेत्र में 'पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र' का शुभारंभ किया है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों और अभिभावकों को अब बोर्ड से संबंधित छोटी-छोटी जानकारियों या पुस्तकों के लिए दूरदराज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बोर्ड की इस पहल से क्षेत्रीय स्तर पर शिक्षा सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता दोनों में इजाफा होगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस नए केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड की सभी सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराना है। अब धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को न केवल पाठ्यपुस्तकें आसानी से मिल सकेंगी, बल्कि पंजीकरण, परीक्षाओं, पाठ्यक्रम, प्रमाण-पत्र और अन्य बोर्ड प्रक्रियाओं से जुड़ी हर प्रकार की जरूरी जानकारी व मार्गदर्शन भी यहीं प्राप्त हो जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे केंद्र का संचालन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत सुनिश्चित करें, ताकि छात्रों को समयबद्ध और उच्च कोटि की सेवाएं मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया