हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 04 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। यह उद्गार उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बटबला में जल शक्ति विभाग के तहत उठाऊ पेयजल योजना मनेई-परगोड के संवर्धन के अंतर्गत लगभग 3.29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना का भूमिपूजन करने के उपरांत व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में 4 जल भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे। इससे पूर्व उन्होंने लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना मनेई-परगोड के चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। यह परियोजना एडीबी के अंतर्गत है, जिसके तहत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 20 जल भंडारण टैंक बनाए जाएंगे।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया