4.54 करोड़ से बने विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण, आठ पंचायतों को मिलेगा फायदा : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी की दरीणी पंचायत में शुक्रवार को विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने 4.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस सब स्टेशन से धारकंडी क्षेत्र की आठ पंचायतों के करीब 8600 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा तथा लोगों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

उन्होंने इस परियोजना के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

पठानिया ने बताया कि कुठारना में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 10 लाख रुपये की लागत से नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। वहीं रूलेड और हार बोह में करीब 25 लाख रुपये की लागत से 25 केवीए ट्रांसफार्मरों को 63 केवीए में अपग्रेड किया गया है।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशाषी अभियंता गज प्रोजेक्ट अनिल शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया