केवल सिंह पठानिया ने सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में सुनी जनसमस्याएं
धर्मशाला, 15 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्यारी में आयोजित 'सरकार जनता के दरबार' कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
जनसभा को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्राम पंचायत क्यारी की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यहां नए एवं भव्य पंचायत भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत भवन के लिए भूमि चिन्हित कर उससे संबंधित सभी औपचारिकताएं अगले 15 दिनों के भीतर पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
उन्होंने पंचायत के विकास को गति देने के लिए पटियाल बस्ती तक सड़क निर्माण हेतु 10 लाख रुपये, राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यारी में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा पंचायत के दो स्थानों पर पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए दो हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 19 पात्र लाभार्थियों को कुल 2 लाख 89 हजार 800 रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इससे पूर्व ग्राम पंचायत क्यारी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया