लोगों के घर-द्वार पर समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी क्षेत्र के रिड़कमार में वीरवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र की 11 पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में यह पहला सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के घर-द्वार पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में सामने आई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने एचआरटीसी अधिकारियों को धारकंडी से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए बस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बच्चों की समस्या पर आश्वासन दिया कि स्कूल में बायोलॉजी का पद शीघ्र भरा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धारकंडी क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान विभिन्न सड़कों के निर्माण पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि दरीणी अस्पताल में डॉक्टरों के चार पद शीघ्र भरे जाएंगे। वहीं शाहपुर-कुठारना-करेरी के लिए बस सेवा शुरू करने की भी जानकारी दी। दरीणी-भलेड़ सड़क पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे तथा किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए दरीणी कूहल को भी शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दरीणी स्कूल से घरनी गांव के लिए वीर चक्र से सम्मानित राम सिंह जम्वाल के घर तक सड़क बनाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया