गरीब परिवारों को पक्की छत देना सरकार की प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 11 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को नगर पंचायत शाहपुर के 9 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 70-70 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए।

इस दौरान उपमुख्य सचेतक ने कुल 6 लाख 30 हजार रुपये की राशि वितरित की।

शाहपुर के मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि नगर पंचायत शाहपुर में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 99 पात्र लाभार्थियों को करीब 1.60 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से प्रदेश में वर्षों बाद बीपीएल परिवारों का सर्वे करवाया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का आशियाना बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।

नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने कार्यक्रम में आने पर मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं नगर पंचायत द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं बारे जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया