प्लास्टिक प्रबंधन इकाई से 12 पंचायतें होंगी प्लास्टिक मुक्त : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 02 मार्च (हि.स.)। विधायक शाहपुर एवं उपमुख्य सचेतक ने सोमवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिहुवां पंचायत में 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) भवन तथा 6.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के प्रारंभ होने से पंचायत वासियों को आधार, पैन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाओं की सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होगी। इससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि प्लास्टिक प्रबंधन इकाई की स्थापना सिहुवां पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इस इकाई के माध्यम से प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक ढंग से संग्रहण एवं प्रबंधन किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पंचायत को अतिरिक्त आय के स्रोत भी प्राप्त होंगे। इस प्लास्टिक प्रबंधन इकाई से रैत विकास खंड की 12 अन्य पंचायतों को भी जोड़ा गया है। इन पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक कचरा सिहुवां स्थित इकाई में लाकर संसाधित किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया