रैत से लदवाड़ा तक सड़क होगी चकाचक : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 08 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि रैत से लदवाड़ा तक सड़क को बेहतर एवं सुगम बनाया जाएगा। रैत बाजार में पानी की उचित निकासी के लिए दोनों ओर नालियां बनाने के साथ टाइलें लगाने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने व्यापार मंडल से विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शाहपुर बाजार की तर्ज पर रैत बाजार में भी लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि रैत में विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए हैं तथा राधा-कृष्ण मंदिर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। मंगलवार को रैत में फोरलेन से संबंधित समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने यह बात कही। विधायक ने बैठक में एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

विधायक ने जल शक्ति, लोक निर्माण एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया ने बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को उनके समक्ष रखा। रैत व्यापार मंडल के प्रधान अजीत शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटाकू ने पंचायत एवं स्थानीय लोगों की ओर से विधायक का आभार व्यक्त किया। बैठक में पीडी एनएचएआई उमाकांत मीणा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, रैत व्यापार मंडल प्रधान अजीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया