सिविल अस्पताल शाहपुर के नए भवन के कार्य को जल्द करें पूरा : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 23 सितंबर (हि.स.)। चंबा प्रवास से लौटते हुए शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को सिविल हॉस्पिटल शाहपुर के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर भवन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इसे जल्द शुरू कर क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे चार मंजिला अस्पताल भवन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।

इसके उपरांत पठानिया ने निर्माणाधीन पशु पॉलीक्लीनिक भवन का भी निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग विकास सूद, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, अस्पताल स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया