चंबी स्टेडियम में खिलाड़ियों को जल्द मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 26 सितंबर (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार सुबह चंबी मैदान पहुंचकर यूथ स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों से मुलाकात की और निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्टेडियम की रिटेनिंग वॉल पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पवेलियन ब्लॉक, खिलाड़ियों के रेस्ट रूम, बाथरूम और चेंजिंग रूम सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य जारी है, जिन्हें करीब दो से ढाई माह में खिलाड़ियों को समर्पित करने का लक्ष्य है।

पठानिया ने कहा कि चंबी स्टेडियम शाहपुर की खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर मंच बनेगा और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

एशियन गेम्स में हिमाचल की बेटियों ने बढ़ाया मान

केवल पठानिया ने एशियन गेम्स में कब्बड्डी टीम की उपलब्धि पर हिमाचल की बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई है। उन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने चंबा के चुराह क्षेत्र की धाविका सीमा कुमारी को महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल की बेटियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

वहीं उन्होंने हिमाचल के मंडी जिला के धावक सावन बरवाल द्वारा एशियाई खेलों में मैराथन में रजत पदक जितने पर भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस जीत की बजह से चार दशकों बाद भारत को इस इवेंट में पदक मिला है।

इस दौरान चंबी क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों ने चंबी मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाने और इसके निर्माण को गति देने के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया