14 माह में बनकर तैयार हुआ डढम्ब स्कूल का अतिरिक्त भवन : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 10 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने वीरवार को राजकीय उच्च विद्यालय डढम्ब में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों वाले भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्कूल के इस अतिरिक्त भवन का निर्माण मात्र 14 माह में पूरा किया गया है। उन्होंने भवन के लिए 33 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रदेश के कुछ सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। आने वाले समय में अन्य स्कूलों में भी सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस पंचायत में लगभग 1 से 1.50 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, चंबी मैदान के विकास पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और कार्य प्रगति पर है।

पठानिया ने कहा कि डढम्ब पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 29 लाख रुपये खर्च कर तीन हैंडपंप स्थापित किए गए हैं, जबकि तीनों हैंडपंपों में विद्युत मोटर भी लगाई गई हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को जामुन, गलगल तथा नींबू के पौधे भेंट कर ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने का आह्वान किया ।

उन्होंने चढ़ी पंचायत के लिए 100 लाइट देने की घोषणा करते हुए कहा कि पंचायत के हर वार्ड में यह लाइट लगाई जाएंगीं।

इससे पूर्व केवल सिंह पठानिया ने रैत स्थित सीडीपीओ कार्यालय में क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इसका एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया