पिता का साया खो चुकी बेटी की पढ़ाई का सहारा बने केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 03 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए हाल ही में हुए एक हादसे में दिवंगत रेहलू निवासी स्वर्गीय पवन कुमार के परिवार की सहायता के लिए सराहनीय पहल की है। उन्होंने स्व. पवन कुमार की बड़ी बेटी को बीसीए में प्रवेश के लिए 50 हजार रुपये का चेक भेंट किया और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कुछ दिन पूर्व विधायक केवल सिंह पठानिया शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। उस दौरान उन्हें बताया गया कि स्व. पवन कुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जो मिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी का बीसीए में प्रवेश होना था। स्व. पवन कुमार प्रवेश के लिए 20 हजार रुपये की व्यवस्था कर चुके थे और शेष राशि लौटकर देने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन दुर्भाग्यवश हादसे में उनका निधन हो गया।

अपने वादे को निभाते हुए रविवार को विधायक ने तीनों बच्चों को अपने कार्यालय बुलाया और बड़ी बेटी को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने घोषणा की कि बड़ी बेटी की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च भी वे स्वयं वहन करेंगे। साथ ही छठी कक्षा में पढ़ रहे बेटे और दूसरी बेटी की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली।

इस अवसर पर विधायक ने संबंधित शिक्षण संस्थान के एमडी से दूरभाष पर बातचीत कर छात्रा की फीस में यथासंभव राहत देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त शाहपुर कांग्रेस एसटी सेल ने भी विधायक के नेतृत्व में दोनों छोटे बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

विधायक ने एसडीएम शाहपुर को निर्देश दिए कि फोरलेन परियोजना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया