ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 07 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को अपने लंज प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने लगभग तीन लाख रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक डेंटल चेयर का लोकार्पण कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ निर्माणाधीन नए सीएचसी भवन का भी जायजा लिया तथा बाद में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, लंज में आमजन की समस्याएं भी सुनीं।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों, साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
केवल सिंह पठानिया ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सोमवार तक सीएचसी लंज में आरवीजी डिजिटल डेंटल एक्स-रे एवं डेंटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने घोषणा की कि इसके लिए आवश्यक 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि वे अपने स्तर पर उपलब्ध करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि सीएचसी लंज में शीघ्र ही अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे लंज एवं आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके उपरांत उपमुख्य सचेतक ने निर्माणाधीन नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस मौके पर लंज क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया