मुख्यमंत्री का धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ की स्थापना का प्रस्ताव ऐतिहासिक कदम : केवल पठानिया

 


धर्मशाला, 24 नवंबर (हि.स.)। उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में प्रदेश के विकास के लिए मील के पत्थर साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और वर्ग तक पहुंच रहा है।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने का प्रस्ताव विधानसभा में प्रस्तुत करना मुख्यमंत्री का एक ऐतिहासिक और दूरगामी सोच वाला निर्णय है। इससे कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना, मंडी सहित निचले हिमाचल के अन्य जिलों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए शिमला की लंबी यात्रा करने से राहत मिलेगी। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्याय तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनेगी।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला में उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित होने से प्रदेश के निचले क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र के समीप ही न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव के माध्यम से क्षेत्रीय संतुलन और जनसुविधाओं के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।

कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की ऐतिहासिक पहल

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का जो संकल्प लिया है, उसे धरातल पर उतारने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे को मौजूदा 1,376 मीटर से बढ़ाकर 3,010 मीटर करने की योजना से एयरबस ए-320 जैसे बड़े विमानों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि बड़े विमानों की लैंडिंग की सुविधा मिलने से कांगड़ा घाटी, धर्मशाला और मैक्लोडगंज में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हवाई संपर्क बेहतर होगा तथा होटल व्यवसाय, स्थानीय व्यापार, टैक्सी ऑपरेटरों, होम-स्टे संचालकों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया