उपमुख्य सचेतक ने किया 10 लाख से निर्मित फुट ब्रिज का लोकार्पण, पिछली बरसात में बह गया था पुल
धर्मशाला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बलड़ी गांव में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित फुटब्रिज का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस फुटब्रिज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कॉल के माध्यम से धनराशि स्वीकृत की थी।
बरसात के बाद पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए फुटब्रिज के तैयार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने घोषणा की कि बलड़ी गांव को जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इसके लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। इसके लिए इलाकवासी उनके आभारी हैं ।
उन्होंने बताया कि इसमें से 10 लाख रुपये फुटब्रिज के निर्माण पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष 90 लाख रुपये रेहलू-बलड़ी सड़क के निर्माण पर व्यय किए जाएंगे। इससे गांव के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को धमोटा गांव के लिए सड़क निर्माण से संबंधित भूमि की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण के लिए निजी भूमि की आवश्यकता पड़ती है, तो संबंधित भूमि मालिकों से भी सहयोग की अपील की जाएगी। इससे पहले विधायक ने बहाव सिंचाई योजना के अंतर्गत सरांकनी कूहल की आरसीसी लाइनिंग का उद्घाटन भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया