शाहपुर के लंज महाविद्यालय में बंद नहीं होगा विज्ञान संकाय : उपमुख्य सचेतक
धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर के चंगर क्षेत्र लंज का महाविद्यालय यहां के गांव के बच्चों का समग्र विकास करने के लिए बहुमूल्य है। यहां विज्ञान संकाय की कक्षाएं बंद नहीं होंगी, इसके लिए अनुमती पत्र महाविद्यालय को प्राप्त हो गया है। यह उद्गार शनिवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लंज महाविद्यालय में नए सेशन के आयोजन पर आयोजित कार्यक्रम नया सवेरा में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचने पर कहे।
पठानिया ने संबोधन के दौरान कहा नई शिक्षा नीति के अनुसार विज्ञान संकाय के लिए विद्यार्थियों की संख्या निश्चित की गई है जिसके चलते लंज महाविद्यालय विज्ञान संकाय से वंचित होने जा रहा था इसी विषय को लेकर कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्य मंत्री के समक्ष इस विषय को रखा जिसके परिणाम स्वरूप महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की कक्षाएं चली रहेेंगी इसके लिए महाविद्यालय को अनुमति पत्र भी प्राप्त हो गया है।
उन्होंने कहा लंज स्वास्थ्य केंद्र में बहुत जल्द अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थी शुभम ठाकुर को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी और उसे शॉल टोपी पहनाकर सम्मानित किया। शुभम के पिता को भी उन्होंने शॉल टोपी पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा गांव के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है बशर्ते उन्हें बेहतर सुविधाएं और मंच मिले जिसे देने का संकल्प उन्होंने लिया है और इसी के चलते उन्होंने महाविद्यालय में आधुनिक जिम और परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों के लिए डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करवाया है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र लंज के भवन निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया