विधायक पठानिया ने सिविल अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का कुशलक्षेम

 




धर्मशाला, 10 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सोमवार सुबह-सुबह जनसमस्याओं और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए मैदान में उतरे। सुबह सबसे पहले उन्होंने सारनू पहुंचकर श्री रविदास मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

इसके पश्चात करीब पौने सात बजे विधायक अचानक सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात करना और उनका कुशलक्षेम जाना।

विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्टाफ को मरीजों का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को करीब से जानना और उनका समाधान करवाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया