मुख्यमंत्री जल्द करेंगे शाहपुर अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 06 नवंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर अस्पताल के नए भवन का शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पौने चार वर्षों के कार्यकाल में नागरिक अस्पताल शाहपुर में लगभग 16 करोड़ रुपये व्यय कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है। पठानिया ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर नागरिक अस्पताल शाहपुर में नई एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी भगवान से प्रार्थना है कि कोई भी व्यक्ति बीमार न हो, लेकिन दुर्भाग्यवश बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में नई एंबुलेंस सेवा लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने शाहपुर अस्पताल के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई है।

उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल शाहपुर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ ज्वाली एवं भटियात विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। वर्तमान में अस्पताल में 17 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा शीघ्र ही चिकित्सकों के दो पद भी भरे जा रहे हैं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मरीजों को टांडा अस्पताल न जाना पड़े, इसके लिए 1.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किया गया है, जहां अब ऑपरेशन भी किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त अस्पताल में 7.50 लाख रुपये की लागत से नई हाई मास्ट लाइट, 25 लाख रुपये से नई अल्ट्रासाउंड मशीन तथा 50 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जिससे बीमारियों की समय रहते जांच एवं रोकथाम सुनिश्चित की जा सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया