एचआरटीसी में होगी चालकों और परिचालकों की भर्ती : मुकेश अग्निहोत्री
धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम में चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी हिमाचल प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा है और निगम को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 500 पुरानी बसों को निगम से हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में एचआरटीसी के लिए नई बसें नहीं खरीदी गईं, जिसके कारण निगम में बसों की कमी हो गई थी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसों को एचआरटीसी में शामिल करने के बाद लंबे रूटों के लिए 200 डीजल बसें खरीदी जाएंगी। इसके अतिरिक्त 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह बात शुक्रवार को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की करीब 150 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न उठाऊ सिंचाई, पेयजल तथा मल सीवरेज योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण के बाद जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा भी की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली भी उनके साथ उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सबसे पहले बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक तथा सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके उपरांत उन्होंने पठियार में एनडीबी के अंतर्गत 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से आठ पंचायतों अंबाडी, चाड़ी, लाखामंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुहालखड़ और पठियार के 40 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। योजना के अंतर्गत 133 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
उन्होंने कीरचंबा में ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीवरेज योजना का शिलान्यास किया।
बड़ोह में उप मुख्यमंत्री ने एडीबी के अंतर्गत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस कार्य पर 35 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना को पूरा करने की समय-सीमा 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया