फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना जल्द होगी पूरी, केंद्र सरकार ने जारी किए 60.26 करोड़ रुपये : मुकेश अग्निहोत्री

 


धर्मशाला, 09 अगस्त (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा जिला की महत्वाकांक्षी फिन्ना सिंह बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना जल्द पूरी होगी। 643 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने 60.26 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह जानकारी मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए लगातार की गई प्रभावी पैरवी और केंद्र सरकार के साथ हुई निर्णायक बैठकों के परिणामस्वरूप यह राशि जारी हुई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना पर राज्य सरकार अपने संसाधनों से अब तक करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। करीब 643 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह परियोजना लंबे समय से अधर में थी। केंद्र से मिली नई राशि से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और परियोजना को जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।

पेपर लीक पर पारदर्शी व्यवस्था जरूरी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा पूरे देश में चिंता का विषय बना हुआ है। मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। युवाओं को रोजगार और विकास चाहिए, न कि हिंदू-मुस्लिम तथा मंदिर-मस्जिद की राजनीति। हिमाचल में भी पिछली सरकार के समय पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ था। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में जल्द होगी बढ़ोतरी

उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की अधिसूचना जल्द जारी कर दी जाएगी। मंत्रिमंडल इस संबंध में निर्णय ले चुका है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं और उनके सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया