बाल मेला : विकास और जनसेवा की मिसाल थे जी.एस. बाली : उपमुख्यमंत्री
धर्मशाला, 27 जुलाई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को स्वर्गीय जी.एस. बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर बाल मेला समिति द्वारा गांधी ग्राउंड, नगरोटा बगवां में आयोजित 24वें बाल मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने नगरोटा बगवां सहित पूरे क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जी.एस. बाली दोनों ही विकास और जनकल्याण की राजनीति के प्रतीक थे। प्रदेश सरकार भी इसी सोच के साथ लोगों के हित में काम कर रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रघुवीर सिंह बाली को जी.एस. बाली की समृद्ध राजनीतिक विरासत मिली है और उन्हें जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रघुवीर सिंह बाली का राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल है और क्षेत्र की जनता का सहयोग उन्हें लगातार मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बावजूद रघुवीर सिंह बाली के प्रति प्रदेश नेतृत्व का विशेष विश्वास दिखाई देता है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्वर्गीय जी.एस. बाली ने विकास की जो पहचान बनाई, उसी परंपरा को रघुवीर सिंह बाली आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि जी.एस. बाली का सार्वजनिक जीवन विकास और जनसेवा के लिए सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया