नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत होगा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
धर्मशाला, 13 जुलाई (हि.स.)। देशव्यापी नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने हेतु विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत म्यूजिक एवं रैप प्रतियोगिता, स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता, रील मेकिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता तथा थीमैटिक डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशा मुक्त युवा, विकसित भारत, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक उत्तरदायित्व, युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण, संस्कृति, एकता तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं।
मेरा युवा भारत कांगड़ा के उप निदेशक ध्रुव डोगरा द्वारा सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, युवा मंडलों, स्वयंसेवी संगठनों एवं युवाओं से आग्रह किया कि वे इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। संगीत, कविता, नृत्य, नाटक और डिजिटल माध्यमों के जरिए युवा न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि समाज में नशामुक्ति का सशक्त संदेश देकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान भी देंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता 27 जुलाई को धर्मशाला में आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेता युवा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता शिमला के लिए चयन किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया