आपदा प्रबंधन में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : उपायुक्त
धर्मशाला, 04 अप्रैल (हि.स.)। 1905 में कांगड़ा में आए विनाशकारी भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा द्वारा आपदा जागरूकता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय यह आवश्यक है कि वह केवल प्रमाणिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करे। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा से संबंधित सही जानकारी के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी आपदाएं कुछ ही सेकंड में भारी तबाही मचा सकती हैं, इसलिए हर व्यक्ति को व्यक्तिगत स्तर पर तैयार रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनसीसी, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण लेकर समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इससे पूर्व उपायुक्त ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में एसडीआरएफ, एनसीसी, आपदा मित्र, स्वयंसेवक एवं पुलिस बैंड ने भाग लिया। रैली पुलिस मैदान धर्मशाला में संपन्न हुई।
पुलिस मैदान में कार्यक्रम के दौरान भूकंप सहित विभिन्न आपदाओं से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया, वहीं एसडीआरएफ द्वारा प्राथमिक चिकित्सा एवं सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अतिरिक्त एचपी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन विभाग द्वारा आपदा के समय उपयोग में आने वाले उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया