धर्मशाला डाइट में प्रशिक्षुओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए किया पौधरोपण

 


धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कांगड़ा, धर्मशाला में आज डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं एवं अध्यापकों की सहभागिता से व्यापक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा उपनिदेशक (क्वालिटी) सह डीपीओ समग्र शिक्षा एवं प्राचार्य, डाइट कांगड़ा, भाग सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक दो डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं ने एक अध्यापक के साथ मिलकर एक पौधा रोपित किया। इससे प्रशिक्षुओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी प्रयास किया गया।

मुख्य अतिथि भाग सिंह ने स्वयं डायट परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर देवदार का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया तथा सभी को पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

इस पौधारोपण अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत उपयोगी एवं औषधीय महत्व के पौधों का चयन किया गया। डाइट परिसर में आंवला, हरड़, भेड़ा जैसे औषधीय पौधों के साथ-साथ जामुन, देवदार, आम सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे रोपित किए गए। इन पौधों से भविष्य में परिसर की हरियाली बढ़ने के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि रोपित किए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक पंद्रह दिन बाद सभी पौधों की प्रगति एवं जीवित स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया