डीएलएड में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन 5 और 6 अगस्त को

 


धर्मशाला, 01 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार युवाओं के लिए शिक्षक बनने का सुनहरा मार्ग प्रशस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड सीईटी-2026) के तहत 'उत्कृष्ट खिलाड़ी' श्रेणी के 85 पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और खेल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन 5 और 6 अगस्त, 2026 को किया जाएगा।

शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह काउंसलिंग प्रक्रिया धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित की जाएगी।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा के अनुसार, सभी 85 पात्र अभ्यर्थियों की तिथि-वार और रोल नंबर-वार सूची बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना में प्रकाशित कर दी गई है। सभी उम्मीदवारों को हिदायत दी गई है कि वे अपनी निर्धारित तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से बोर्ड मुख्यालय में उपस्थिति दर्ज करवाएं ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

दस्तावेजों के बिना नहीं होगा सत्यापन

अभ्यर्थियों को विशेष रूप से ध्यान रखना होगा कि वे डी.एल.एड. सीईटी-2026 प्रॉस्पेक्टस के पृष्ठ 13 और 14 पर उल्लिखित निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। काउंसलिंग में आते समय उम्मीदवारों को अपने साथ भरा हुआ बायोडाटा फॉर्म, मूल स्पोर्ट्स प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और श्रेणी/आरक्षण (यदि लागू हो) से जुड़े मूल दस्तावेज लाने होंगे। इसके साथ ही इन सभी दस्तावेजों की सत्यापित (Attested) प्रतियां लाना भी अनिवार्य है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने के उपरांत ही स्पोर्ट्स प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।

वेटेज अंकों के आधार पर बनेगी अंतिम मेरिट

इस पूरी सत्यापन प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद, स्पोर्ट्स श्रेणी के लिए निर्धारित वेटेज अंकों को जोड़कर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी अंतिम मेरिट के आधार पर शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया