डीएलएड के दूसरे चरण की काउंसलिंग 15 सितंबर से, 947 सीटों के लिए मेरिट के आधार पर होगा चयन

 




धर्मशाला, 12 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन डीएलएड सीईटी-2026 में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया 15 सितंबर से आयोजित की जा रही है। प्रदेश के सरकारी डाइट एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध 947 सीटों के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग 15 सितंबर से 16 सितंबर तक प्रातः 10:00 बजे से बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में आयोजित की जाएगी।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तथा काउंसलिंग संबंधी दिशा-निर्देश बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे मेरिट सूची एवं दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें और निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को दसवीं एवं जमा दो के प्रमाण-पत्र, हिमाचली मूल निवासी प्रमाण-पत्र तथा आरक्षित श्रेणी/उप-श्रेणी से संबंधित प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां एवं स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। इसके साथ बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध बायो डाटा फॉर्म को पूर्ण रूप से भरकर लाना भी आवश्यक होगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमेन आदि श्रेणियों के अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी के निर्धारित प्रारूप में सक्षम अधिकारी द्वारा जारी/सत्यापित प्रमाण-पत्र अथवा आवश्यक शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की जांच के दौरान आवश्यक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत न करने की स्थिति में संबंधित श्रेणी का लाभ नहीं दिया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को उपलब्ध सीटों के अनुसार वांछित संस्थान का चयन करना होगा। सीट का आवंटन मेरिट एवं उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी काउंसलिंग के समय संस्थान का चयन करते हुए उपलब्ध सीटों की स्थिति का विशेष ध्यान रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया