डीएलएड की पुनः परीक्षा के नतीजे घोषित, भाग-1 में 68.27 और भाग-2 में 72.22 प्रतिशत अभ्यर्थी पास
धर्मशाला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) भाग-1 और भाग-2 की पुनः परीक्षा (जून-2026) के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए हैं। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मंगलवार को नतीजे जारी करते हुए सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने इस मौके पर कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार नहीं करते, बल्कि राष्ट्र के भावी नागरिकों के व्यक्तित्व निर्माण के प्रमुख सूत्रधार होते हैं। इसलिए, एक सशक्त, उत्तरदायी और भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक आधारशिला गुणवत्तापूर्ण शिक्षक ही हैं। उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. भाग-1 (बैच 2024-2026) की पुनः परीक्षा में कुल 208 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 142 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, 63 अभ्यर्थियों की री-अपीयर आई है और 3 अनुत्तीर्ण रहे हैं। इस प्रकार भाग-1 का पास प्रतिशत 68.27 रहा।
वहीं, डी.एल.एड. भाग-2 (बैच 2023-2025) की पुनः परीक्षा में कुल 36 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। इनमें से 26 अभ्यर्थी पास हुए हैं और 10 को री-अपीयर घोषित किया गया है। भाग-2 का परीक्षा परिणाम 72.22 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दिया है। इसके अलावा, छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला के दूरभाष नंबर 01892-242142 पर भी कार्यालय समय के दौरान परिणाम से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
री-चेकिंग और पुनर्मूल्यांकन के लिए 14 तक मौका
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि जो अभ्यर्थी अपने प्राप्तांकों से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें बोर्ड ने री-चेकिंग (पुनः निरीक्षण) और री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) का अवसर दिया है। इसके लिए 5 अगस्त से 14 अगस्त, 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन किया जा सकेगा। प्रति विषय री-चेकिंग का शुल्क 800 और री-इवैल्यूएशन का शुल्क 1000 निर्धारित किया गया है। पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया