डी.एल.एड. परीक्षाएं 5 अक्टूबर से, बोर्ड ने जारी किए प्रवेश-पत्र

 


धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन डी.एल.एड. भाग-1 और भाग-2 की परीक्षाओं को लेकर नियमित, अनुत्तीर्ण और री-अपीयर (पुनः परीक्षा) श्रेणी के अंतर्गत परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए बोर्ड ने प्रवेश-पत्र जारी कर दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि ये प्रवेश-पत्र संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) के आधिकारिक लॉगिन पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन तलाशने के बजाय सीधे अपने संबंधित डाइट से संपर्क कर प्राप्त करने होंगे।

5 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगा परीक्षाओं का दौर

बोर्ड द्वारा जारी तय कार्यक्रम के अनुसार डी.एल.एड. की यह परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। भाग-1 (नियमित बैच 2025-27 तथा पुनः परीक्षा बैच 2024-26) की परीक्षाएं 5 अक्टूबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलेंगी। इसके तुरंत बाद, डी.एल.एड. भाग-2 (नियमित बैच 2024-26 तथा पुनः परीक्षा बैच 2023-25) की परीक्षाएं 21 अक्टूबर से आरंभ होंगी, जो 3 नवंबर 2026 तक संपन्न होंगी। बोर्ड ने दोनों ही भागों की परीक्षाओं के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया है।

आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें छात्र

परीक्षाओं को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी डाइट प्रबंधनों को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को प्रवेश-पत्र सौंपने से पहले उसमें दर्ज परीक्षार्थी का नाम, अनुक्रमांक (रोल नंबर), परीक्षा केंद्र और विषयों की बारीकी से जांच कर ली जाए। यदि किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि पाई जाती है, तो उसे समय रहते बोर्ड के संज्ञान में लाया जाए ताकि तुरंत सुधार किया जा सके।

इसके साथ ही, बोर्ड ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर तय समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया