डीएलएड में दाखिले का एक और मौका, 719 खाली सीटों के लिए 22 अक्टूबर को होगी काउंसलिंग

 


धर्मशाला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना संजोए बैठे युवाओं के लिए एक अहम खबर है। दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) सत्र 2026-2028 में प्रवेश के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने चौथे चरण की काउंसलिंग का ऐलान कर दिया है। प्रदेश के निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अभी भी 719 सीटें खाली हैं, जिन्हें भरने के लिए 22 अक्टूबर 2026 को धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में मेरिट के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह काउंसलिंग पूरी तरह से डी.एल.एड. सीईटी-2026 की मेरिट के आधार पर संपन्न करवाई जाएगी। बोर्ड ने काउंसलिंग के लिए चयनित अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची और श्रेणीवार आरक्षित रिक्त सीटों का पूरा ब्यौरा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।

काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को पूरी तैयारी के साथ तय समय पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को बोर्ड की वेबसाइट से 'बायोडाटा फॉर्म' डाउनलोड कर और भरकर लाना अनिवार्य है। इसके साथ ही सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, हिमाचली मूल निवासी प्रमाण-पत्र, आरक्षित श्रेणी के प्रमाण-पत्र और जरूरी शपथ-पत्रों की मूल प्रतियों के साथ-साथ उनकी सत्यापित छायाप्रतियां लानी होंगी।

उधर बोर्ड अध्यक्ष ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग), ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) और एक्स-सर्विसमैन के आश्रितों (वार्ड ऑफ एक्स-सर्विसमैन) को निर्धारित प्रारूप के अनुसार ही सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया प्रमाण-पत्र या शपथ-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया