देहरा में नशा विरोधी जागरूकता रैली, स्कूली बच्चों ने दिया नशे से दूर रहने का संदेश

 


धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। “नशा मुक्त हिमाचल अभियान” के अंतर्गत पुलिस जिला देहरा द्वारा शनिवार को नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस चौकी लगरू द्वारा गोद लिए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लगरू में एक विशाल नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस जागरूकता रैली में लगभग 250 से 300 विद्यार्थियों सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकों एवं अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशा विरोधी बैनर एवं तख्तियां लेकर लगरू बाजार तथा आसपास के क्षेत्रों में पैदल मार्च किया तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विभिन्न नारे लगाए। प्रतिभागियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को यह भी अवगत कराया गया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए भी गंभीर चुनौती उत्पन्न करता है।

पुलिस जिला देहरा द्वारा चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशा विरोधी वातावरण का निर्माण करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया