हीटवेव एवं वनाग्नि से निपटने के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य : उपायुक्त
धर्मशाला, 27 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में हीटवेव, वनाग्नि एवं संभावित जल संकट से निपटने की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय तालमेल अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने कहा कि वनाग्नि घटनाओं, हीटवेव अलर्ट तथा जल संकट से संबंधित सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण के लिए सुदृढ़ टू-वे इन्फाॅर्मेशन डिसेमिनेशन सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि जिला आपदा परिचालन केंद्र (डी.ई.ओ.सी.) और फील्ड स्तर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। उन्होंने वन विभाग, अग्निशमन सेवाएं, एसडीआरएफ, गृह रक्षक, पंचायतों तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बीच एकीकृत आपदा प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर बल दिया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
पेयजल की स्थिति को देखते हुए जल शक्ति विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वैकल्पिक प्रबंध, टैंकर तैनाती और जल वितरण व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्कूलों के समय में आवश्यक समायोजन, विद्यार्थियों में हीट सेफ्टी जागरूकता, विभागीय नोडल अधिकारियों के माध्यम से नियमित सूचना साझाकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में माॅक ड्रिल और जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने नियंत्रण कक्षों की अपडेट संपर्क सूची जिला आपदा परिचालन केंद्र के साथ साझा करें और उन्हें चैबीसों घंटे सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने बताया कि वनाग्नि की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एक राज्य स्तरीय टोल-फ्री नंबर 1800-180-1916 स्थापित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया