लोकमित्र केंद्रों से लोगों को घर-द्वार पर मिल रहीं डिजिटल सेवाएं : उपायुक्त

 


धर्मशाला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) और काॅमन सर्विस सेंटर (सीएससी) नेटवर्क के बीच समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण लोगों को विभिन्न सरकारी एवं डिजिटल सेवाएं उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी सेवाओं के लिए शहरों अथवा दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों का रुख न करना पड़े।

जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर ने बतया कि कांगड़ा जिले में वर्तमान में 304 काॅमन सर्विस सेंटर कार्यरत हैं, जिनकी स्थापना एवं संबंधित गतिविधियों पर अब तक 14 करोड़ 89 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। इन सीएससी के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी एवं डिजिटल सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों की सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ-साथ समय और यात्रा पर होने वाले खर्च में भी कमी आई है।

ग्राम पंचायत भवनों में स्थापित को-लोकेटेड सीएससी को सिंगल विंडो सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को 170 से अधिक डिजिटल एवं ई-गवर्नेंस सेवाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है। इनमें आधार नामांकन एवं बायोमेट्रिक अपडेट, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, डिजी-पे के माध्यम से नकद निकासी, विभिन्न ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं तथा जन्म, मृत्यु, आय और जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित सेवाएं शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया