क्रिकेटर सुरेश रैना ने परिवार संग निहारी मैक्लोडगंज की खूबसूरत वादियां, बोले- बार-बार आना चाहता हूं धर्मशाला
धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज पहुंचे हैं। यहां उन्होंने ठंडे मौसम और पहाड़ों की खूबसूरत वादियों का आनंद लिया। परिवार के साथ निजी दौरे पर पहुंचे रैना ने मैक्लोडगंज बाजार में खरीदारी की और इस दौरान प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाए। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध मैक्लो रेस्टोरेंट में जलपान भी किया। स्थानीय लोगों और प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सुरेश रैना ने अपनी मां, सास और बहन सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विभिन्न मंदिरों में दर्शन भी किए। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी रहा। वह परिवार के साथ पहाड़ों की शांत और खूबसूरत वादियों में कुछ समय बिताने के लिए धर्मशाला पहुंचे थे।
इस दौरान सुरेश रैना ने धर्मशाला को अपना पसंदीदा पर्यटन स्थल बताते हुए कहा कि वह यहां बार-बार आना चाहते हैं। उन्होंने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की खूबसूरती की भी सराहना की। रैना के अनुसार, पहाड़ों के बीच स्थित यह स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में से एक है और यहां क्रिकेट देखने व खेलने का अनुभव बिल्कुल अलग है।
सुरेश रैना के मैक्लोडगंज पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। सुरेश रैना के इस निजी दौरे ने एक बार फिर धर्मशाला और मैक्लोडगंज की खूबसूरत वादियों के प्रति पर्यटकों और खेल जगत की हस्तियों के आकर्षण को उजागर किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया